सोशल मीडिया पर श्रीराम और बजरंग दल को गाली देना पड़ा भारी, अमर खान गिरफ्तार: पुलिस ने शहर में निकाला पैदल जुलूस
हिंदू देवी-देवताओं और समाज की बेटियों पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप, हिंदू संगठनों के विरोध के बाद पुलिस की कार्रवाई

शिवपुरी। सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं और हिंदू समाज की बेटियों को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में फिजिकल थाना पुलिस ने घोसीपुरा निवासी अमर खान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ले जाते समय पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच आरोपी का पैदल जुलूस भी निकाला, जिसे देखने के लिए रास्ते भर लोगों की भीड़ जुटी रही।
शुक्रवार को इस मामले को लेकर शहर में माहौल गरमा गया था। श्री राजपूत करणी सेना सहित कई हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता पहले शहर कोतवाली पहुंचे और आरोपी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की गई। संगठनों ने चेतावनी दी थी कि यदि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
सनातन धर्म प्रचारक अभिराम दास महाराज ने आरोप लगाया था कि उनकी सोशल मीडिया पोस्ट पर अमर खान ने भगवान श्रीराम और हिंदू समाज की बेटियों को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिससे करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। मामले ने सोशल मीडिया पर भी तेजी से तूल पकड़ लिया, जिसके बाद पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया।
बढ़ते विरोध और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए फिजिकल थाना पुलिस ने शिकायतों का परीक्षण कर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र उसका पैदल जुलूस निकाला गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।
