कोलारस TI सहित 6 पुलिसकर्मी, पहले से घेराबंदी… फिर भी शराब तस्कर कैसे हो गया फरार, भागा या भगाया?

प्रिंस प्रजापति@शिवपुरी। कोलारस थाना पुलिस ने 22 पेटी अवैध शराब और एक बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार जब्त कर बड़ी सफलता का दावा किया है, और प्रेस नोट भी जारी किया है, लेकिन इस कार्रवाई का सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब पुलिस ने पहले से घेराबंदी कर रखी थी, तब कथित तस्कर पुलिस की आंखों के सामने से कैसे फरार हो गया?
पुलिस के प्रेस नोट के अनुसार कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित छह पुलिसकर्मी मौजूद थे। इसके बावजूद आरोपी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर भाग निकला। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि यदि पुलिस को पहले से वाहन की सूचना थी और पूरी तैयारी के साथ घेराबंदी की गई थी, तो आरोपी को पकड़ने के लिए पर्याप्त व्यवस्था क्यों नहीं थी?
प्रेस नोट के अनुसार थाना प्रभारी पुनीत बाजपेयी सहित गणेश पेंकरा, नरेश यादव, मदन मोहन, दीपक जाट और रामसिंह पटेलिया की टीम पहले से घेराबंदी कर मौके पर मौजूद थी। इसके बावजूद पुलिस को देखकर चालक कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। क्या कोलारस पुलिस की फिटनेस में कमी है? ऐसे कई सवाल चर्चा का बिषय बने हुए है।
फिलहाल पुलिस ने 22 पेटी शराब और कार जब्त कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि अब यह देखना होगा कि पुलिस फरार तस्कर तक कब पहुंचती है और घेराबंदी के बावजूद आरोपी के भाग निकलने की वजह क्या थी।
