पोहरी पुलिस ने 22 हजार रुपए का गांजा जब्त किया, तस्करी की फिराक में खड़े आरोपी को दबोचा

शिवपुरी। जिले की पोहरी थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1 किलो 261 ग्राम गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 22 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया।
पुलिस को 9 जुलाई को सूचना मिली कि एक व्यक्ति लाल रंग के थैले में गांजा लेकर रिछ्याई मोड़ स्थित बाच टावर के पास ग्राहकों को बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम चंदन पुत्र रामहेत मित्रा (34) निवासी वार्ड क्रमांक 14, पोहरी बताया। उसके पास मौजूद लाल रंग के थैले की तलाशी लेने पर उसमें गांजा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल करने पर थैले सहित गांजे का कुल वजन 1 किलो 261 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 22 हजार रुपए आंकी गई।
पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रवि चौहान, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र परिहार, आरक्षक मुनेश धाकड़, अरविंद कुशवाह, रामभरत मीणा, चंद्रभान रावत एवं राजकुमार माहौर की सराहनीय भूमिका रही।
