ट्रैक्टर बचाने बोलेरो के नीचे लेट गया युवक, वन विभाग की कार्रवाई के बीच आरोपी वाहन लेकर फरार

शिवपुरी। जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के उकावल गांव में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम को शुक्रवार को विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान एक युवक जब्त होने जा रहे ट्रैक्टर को बचाने के लिए बोलेरो वाहन के नीचे लेट गया। इसी बीच ट्रैक्टर चालक मौके का फायदा उठाकर ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। घटना के चलते वन विभाग की टीम ट्रैक्टर जब्त किए बिना ही लौट गई।
जानकारी के अनुसार वन विभाग को सूचना मिली थी कि उकावल गांव के पास वन भूमि पर ट्रैक्टर से जुताई कर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। वनकर्मियों ने ट्रैक्टर को जब्त करने की कोशिश की, तभी वहां मौजूद मुकेश आदिवासी नामक युवक अचानक बोलेरो वाहन के नीचे जाकर लेट गया।
वनकर्मियों ने युवक को काफी समझाने और बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन उसने वाहन के नीचे से निकलने से इनकार कर दिया। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक ने मौका देखकर ट्रैक्टर मौके से भगा लिया। ट्रैक्टर सुरक्षित निकल जाने के बाद ही युवक वाहन के नीचे से बाहर आया। इस पूरे घटनाक्रम के कारण वन विभाग की कार्रवाई बाधित हो गई।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार सनवारा बीट के उकावल गांव के पास करीब 100 बीघा से अधिक वन भूमि पर जूर गांव के 8 से 10 आदिवासी परिवारों द्वारा कब्जा किया गया है। विभाग ने इस भूमि को हाल ही में वृक्षारोपण के लिए चिन्हित किया है और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई इसी योजना के तहत की जा रही है।
वन विभाग का कहना है कि विरोध के कारण इस बार कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी, लेकिन अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रहेगा। फरार ट्रैक्टर चालक और कब्जाधारियों के संबंध में भी नियमानुसार आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
