1000919293

20 सूत्रीय मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

1000919293

शिवपुरी। जिले के नरवर में शुक्रवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और तहसील मुख्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री के नाम 20 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका एकता यूनियन (म.प्र.) के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और सहायिकाएं शामिल हुईं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

कार्यकर्ताओं ने बताया कि वर्ष 2018 से मानदेय बढ़ाने की मांग लंबित है, लेकिन आज तक इसे लागू नहीं किया गया। उनका कहना है कि आईसीडीएस की 50वीं वर्षगांठ पर सरकार द्वारा की गई घोषणाएं भी कागजों तक ही सीमित हैं। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार ग्रेच्युटी का लाभ देने, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, ईपीएफ, चिकित्सा सुविधा, नियमित अवकाश तथा हर माह समय पर मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

ज्ञापन में विभाग में लंबे समय से खाली पड़े पदों पर भर्ती करने, सहायिकाओं को कार्यकर्ता पद पर पदोन्नति देने तथा पोषण ट्रैकर ऐप में आने वाली तकनीकी समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग भी शामिल है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि ई-केवाईसी सहित लगातार बढ़ रहे ऑनलाइन कार्यों का अतिरिक्त बोझ कम किया जाए और इसके लिए अलग व्यवस्था बनाई जाए।

इसके अलावा पोषण आहार की गुणवत्ता में सुधार, प्रशिक्षण एवं बैठकों में यात्रा भत्ता (टीए-डीए) का भुगतान, सेवा शर्तों में सुधार तथा कार्यकर्ताओं को कर्मचारी का दर्जा देने जैसी मांगें भी ज्ञापन में शामिल की गईं। उनका कहना है कि वर्षों से महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं को जमीनी स्तर पर सफल बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सम्मानजनक मानदेय और बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

भीमपुर गांव की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरोज रावत और महादेवी शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ता पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के लिए सरकार की योजनाओं का संचालन कर रही हैं, लेकिन उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने कई घोषणाएं कीं, लेकिन अधिकांश वादे आज तक पूरे नहीं हुए हैं।

कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं मौजूद रहीं।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *