1000914521

108 एम्बुलेंस नहीं पहुंची, सड़क किनारे जनजातीय महिला ने दिया बच्चे को जन्म: तहसीलदार ने सरकारी गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल

1000914521

शिवपुरी। जिले की बैराड़ तहसील में स्वास्थ्य व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई है। 108 एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंचने से प्रसव पीड़ा से जूझ रही राजपुरा (टपरा) निवासी जनजातीय महिला संजू आदिवासी को सड़क किनारे ही बच्चे को जन्म देना पड़ा। सूचना मिलने पर तहसीलदार द्रगपाल सिंह बैस मौके पर पहुंचे और अपनी सरकारी गाड़ी से जच्चा-बच्चा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार बुधवार शाम संजू आदिवासी को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजनों ने 108 एम्बुलेंस को फोन किया, लेकिन काफी देर तक वाहन नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजन बारिश के बीच महिला को बाइक से बैराड़ अस्पताल ले जाने लगे। गोन्दोलीपुरा के पास महिला की प्रसव पीड़ा तेज हो गई और रास्ते में ही रात करीब 8:45 बजे उसने नवजात को जन्म दे दिया। इसी दौरान बैराड़ निवासी धीरज ओझा ने घटना की जानकारी तहसीलदार को दी, जो तुरंत मौके पर पहुंचे और जच्चा-बच्चा को सरकारी वाहन से अस्पताल भिजवाया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने मां और नवजात का परीक्षण किया, जहां दोनों को स्वस्थ बताया गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि 108 एम्बुलेंस समय पर पहुंच जाती तो महिला को सड़क किनारे प्रसव जैसी जोखिम भरी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता। ग्रामीणों ने प्रशासन से ग्रामीण क्षेत्रों में एम्बुलेंस और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की मांग की है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *