बस चलाने के बहाने ले गया ड्राइवर, 6 महीने बाद पता चला गुरुग्राम में गिरवी रख दी

शिवपुरी। शहर कोतवाली पुलिस ने एक बस मालिक की शिकायत पर उसके पूर्व ड्राइवर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि ड्राइवर बस को संचालन के लिए ले गया, लेकिन न तो लोन की किस्तें जमा कीं और न ही बस लौटाई। बाद में जानकारी मिली कि उसने बस को गुरुग्राम में गिरवी रख दिया।
पुलिस के अनुसार सईसपुरा पीपल वाले कुआं निवासी 33 वर्षीय मुकेश खटीक बस संचालन का कार्य करते हैं। करीब 14 महीने पहले उन्होंने अम्बाह निवासी संतोष तिवारी को अपनी बस क्रमांक MH18BG1257 पर ड्राइवर रखा था। 10 जनवरी 2026 को संतोष ने बस अपने संचालन में लेने और उसकी मासिक किस्तें भरने का भरोसा दिया। परिचितों की मौजूदगी में मुकेश ने उसे बस की चाबी सौंप दी, हालांकि दोनों के बीच कोई लिखित समझौता नहीं हुआ था।
मुकेश का आरोप है कि संतोष तिवारी ने न तो बस की किस्तें भरीं और न ही तय भुगतान किया। बस वापस मांगने पर वह लगातार टालता रहा और जून 2026 के बाद से उसका मोबाइल भी बंद है। बाद में जानकारी मिली कि आरोपी ने बस को गुरुग्राम में गिरवी रख दिया है। शिकायत की जांच के बाद शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
