8 फीट का अजगर बकरी का शिकार करने पहुंचा, सर्प मित्र ने रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

शिवपुरी। जिले के नरवर कस्बे में शुक्रवार को 14 महादेव मंदिर के पीछे स्थित एक खेत में करीब 8 फीट लंबा अजगर निकलने से हड़कंप मच गया। अजगर खेत में बंधी बकरी का शिकार करने पहुंचा था। बकरी की मिमियाने की आवाज सुनकर मालिक मौके पर पहुंचा तो अजगर को देखकर घबरा गया और तुरंत सर्प मित्र सलमान पठान को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सर्प मित्र सलमान पठान मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और रेस्क्यू अभियान देखते रहे।
रेस्क्यू के बाद सलमान पठान ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए बताया कि बड़े आकार के अजगर अपनी मजबूत पकड़ के कारण बड़े जानवरों और इंसानों के लिए भी खतरनाक साबित हो सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप या अजगर दिखाई देने पर उसे पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प मित्र को सूचना दें। इसके बाद अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
