1000914417

दादा को जिंदा जलाकर मारने का आरोप, परिजन बोले- हत्या छिपाकर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस बनाया

1000914417
1000914417

शिवपुरी। जिले के पोहरी थना क्षेत्र के नयागांव निवासी अंशुल धाकड़ ने अपने दादा अरविंद धाकड़ की मौत को हत्या बताते हुए पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अंशुल ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोप लगाया कि खेत के रास्ते के विवाद में पांच लोगों ने उनके दादा के साथ मारपीट कर उन पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी, लेकिन पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करने के बजाय आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों को बचाने का प्रयास किया।

अंशुल के अनुसार 3 जुलाई को बरईपुरा स्थित खेत पर रास्ते को लेकर ज्ञानी धाकड़, प्रकाश धाकड़, पवन धाकड़, हरिओम धाकड़ और वंटी धाकड़ से विवाद हुआ था। आरोप है कि सभी ने अरविंद धाकड़ के साथ मारपीट की और बाद में उन पर पेट्रोल या डीजल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे अरविंद धाकड़ को पहले पोहरी अस्पताल और फिर शिवपुरी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां 4 जुलाई की सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों का दावा है कि मृतक ने डॉक्टरों और पुलिस के सामने दिए बयान में भी आरोपियों पर आग लगाने का आरोप लगाया था।

वहीं, पोहरी थाना प्रभारी रवि चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच और उस समय उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि तीन आरोपी फरार हैं। थाना प्रभारी के अनुसार घटना वाले दिन का एक सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें मृतक स्वयं पेट्रोल पंप से बोतल में पेट्रोल भरवाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *