सरकारी जमीन पर चला बुलडोजर, पूर्व नपा उपाध्यक्ष से जुड़े भैया होटल पर छापा: होटल सील, अवैध शराब और जेसीबी-डंपर जब्त

शिवपुरी। जिले के ककरवाया गांव में बुधवार को जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष अनिल अन्नी शर्मा से जुड़े भैया होटल और उससे लगी शासकीय भूमि पर संचालित अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कस दिया। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर एसडीएम आनंद सिंह राजावत के नेतृत्व में राजस्व, आबकारी, खाद्य, खनिज और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई कर सरकारी जमीन पर बने अवैध ढाबे को ध्वस्त कर दिया, जबकि मुख्य भैया होटल को सील कर दिया।
राजस्व विभाग की जांच में सर्वे नंबर 872/1 की भूमि शासकीय पाई गई। जांच में सामने आया कि दारासिंह पुत्र बारेलाल परिहार ने इस सरकारी भूमि को निजी बताकर किराए पर दे रखा था, जहां अवैध रूप से ढाबा संचालित किया जा रहा था। अतिक्रमण हटाते हुए प्रशासन ने ढाबा ध्वस्त कर दिया और दारासिंह पर 25 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग ने होटल परिसर से अवैध शराब जब्त की। वहीं खाद्य विभाग ने किचन में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर छह घरेलू गैस सिलेंडर, दो व्यावसायिक भट्टियां और पांच किलोग्राम क्षमता का एक गैस सिलेंडर जब्त किया। वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए होटल के किचन और डाइनिंग हॉल को सील कर दिया गया। खनिज एवं पुलिस विभाग ने अवैध उत्खनन और परिवहन में उपयोग की जा रही एक जेसीबी, एक डंपर और एक ट्रॉली भी जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
