गैस सुंघाकर घर-दुकान में चोरी का आरोप, तीन दिन बाद भी FIR नहीं: पीड़ित पहुंचा SP के पास

शिवपुरी। शहर के नाई की बगिया क्षेत्र में एक घर और स्टेशनरी दुकान में चोरी का मामला सामने आया है। पीड़ित मनीष गर्ग ने आरोप लगाया है कि बदमाशों ने परिवार को बेहोश कर घर और दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के तीन दिन बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं होने पर उन्होंने पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
मनीष गर्ग के अनुसार 4 जुलाई की रात वह परिवार के साथ घर में सो रहे थे, जबकि नीचे स्थित उनकी हर्ष स्टेशनरी दुकान बंद थी। 5 जुलाई की सुबह उठने पर घर और दुकान का सामान बिखरा मिला। दुकान के गल्ले का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखे करीब 25 हजार रुपये नकद गायब थे। पीड़ित का दावा है कि पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे में देर रात कुछ संदिग्ध लोग कैद हुए हैं। उनका आरोप है कि बदमाश हथियारों से लैस थे और उन्होंने किसी गैस या अन्य पदार्थ का इस्तेमाल किया, जिससे पूरा परिवार गहरी नींद में सोता रहा। हालांकि पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है।
पीड़ित ने बताया कि 5 जुलाई को कोतवाली थाने में लिखित शिकायत देने के बावजूद अब तक न तो एफआईआर दर्ज की गई और न ही कोई ठोस कार्रवाई हुई। बुधवार को उन्होंने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर मामला दर्ज करने, आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। घटना के बाद से परिवार दहशत में है। वहीं एडिशनल एसपी संजीव मुले ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
