कपिलधारा योजना में 20 हजार की रिश्वत लेते हुए सरपंच दंपत्ति लोकायुक्त के हत्थे चढ़े

कुएं का भुगतान जारी कराने के एवज में मांगी थी रिश्वत, ग्वालियर लोकायुक्त की ट्रैप कार्रवाई में रंगे हाथ गिरफ्तार
शिवपुरी। जिले की खनियाधाना जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत जुंगीपुर में बुधवार को ग्वालियर लोकायुक्त ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरपंच केशवती कोली और उनके पति खेमचंद कोली को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर कपिलधारा योजना के तहत बने कुएं का भुगतान जारी कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। कार्रवाई सरपंच के आवास पर की गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
फरियादी राहुल सिंह यादव ने 3 जुलाई को ग्वालियर लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2025 में कपिलधारा योजना के तहत बनाए गए कुएं के भुगतान के लिए सरपंच और उनके पति 20 हजार रुपए की मांग कर रहे हैं। शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने के बाद लोकायुक्त टीम ने बुधवार सुबह करीब 10 बजे ट्रैप बिछाया और दोनों को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया।
कार्रवाई के बाद लोकायुक्त टीम आरोपियों और फरियादी को अपने साथ लेकर वैधानिक कार्रवाई के लिए दिनारा रेस्ट हाउस पहुंची। करीब तीन घंटे तक टीम का पता नहीं चलने पर कस्बे में फर्जी कार्रवाई की अफवाह फैल गई, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि पंचनामा और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं वहीं पूरी की जा रही थीं।
कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक उपेंद्र दुबे और निरीक्षक अंजली शर्मा ने किया। सरपंच और उनके पति के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
