खरंजे पर संदिग्ध हालात में मिला 25 वर्षीय युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

शिवपुरी। जिले के पोहरी थाना क्षेत्र के जाखनौद गांव में बुधवार सुबह एक 25 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खरंजे पर मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पोहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान देहदेह निवासी नेतराम आदिवासी (25) के रूप में हुई है। उसकी बुआ कारी आदिवासी ने बताया कि नेतराम मंगलवार को अपनी मां से जाखनौद आने की बात कहकर उनके घर आया था। बुधवार सुबह गांव की महिलाएं पानी भरने जा रही थीं, तभी उन्होंने उसे खरंजे पर बेसुध पड़ा देखा। सूचना मिलने पर कारी आदिवासी अपने दामाद के साथ मौके पर पहुंचीं, जहां नेतराम मृत अवस्था में मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। पोहरी थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
