2 साल से सीमांकन के लिए भटक रहा दलित किसान, जनसुनवाई में कलेक्टर से लगाई गुहार
शिवपुरी। जिले की बैराड़ तहसील के ग्राम टौरिया खालसा निवासी दलित किसान हजारीलाल खंगार ने मंगलवार की जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन देकर आरोप लगाया कि उसकी और उसकी पत्नी बसंती बाई के नाम दर्ज कृषि भूमि का पिछले दो वर्षों से सीमांकन नहीं किया जा रहा है। किसान का कहना है कि कई बार आवेदन और निर्धारित शुल्क जमा करने के बावजूद तहसील स्तर पर कार्रवाई लंबित है।
आवेदन के अनुसार, सर्वे नंबर 267/3 एवं 267/5 की कृषि भूमि पर आसपास के किसानों ने कथित रूप से अतिक्रमण कर लिया है। हजारीलाल ने बताया कि वह आर्थिक रूप से कमजोर और अनुसूचित जाति परिवार से है, इसलिए विवाद करने की स्थिति में नहीं है। इसी कारण उसने कानूनी प्रक्रिया के तहत सीमांकन कराने के लिए लगातार आवेदन दिए, लेकिन तहसील के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अब तक सीमांकन नहीं कराया।
पीड़ित किसान ने कलेक्टर से निष्पक्ष जांच कर जल्द सीमांकन कराने तथा दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, ताकि उसकी भूमि पर हुए कथित अतिक्रमण को हटाकर उसे न्याय मिल सके।
