डून पब्लिक स्कूल में चला सेफ क्लिक 2.0 अभियान: विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी

शिवपुरी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे राज्यव्यापी साइबर जागरूकता अभियान ‘सेफ क्लिक 2.0-2026’ के तहत मंगलवार को साइबर सेल शिवपुरी की टीम ने डून पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने, साइबर अपराधों से बचाव और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने के उपाय बताए गए।
सायबर सेल प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह जाट ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए बदलते डिजिटल परिवेश में सावधानी बरतने, लक्ष्य प्राप्ति के लिए सकारात्मक सोच अपनाने और साइबर अपराधियों के तरीकों से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने छात्रों के सवालों के जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। वहीं निरीक्षक श्रीमती रजनी चौहान ने डिजिटल अरेस्ट, फर्जी APK फाइल, सोशल मीडिया अपराध, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी और फर्जी लोन एप्स से बचने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में साइबर सेल की टीम ने लोगों से MY Aadhaar App के माध्यम से बायोमेट्रिक लॉक करने, किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करने, ओटीपी और निजी जानकारी साझा न करने तथा संदिग्ध वेबसाइटों पर लॉगिन करने से बचने की अपील की। साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 या शिवपुरी साइबर सेल हेल्पलाइन 7049123288 पर सूचना देने की सलाह दी गई।
