शिवपुरी में मंदिर में मल-मूत्र फेंका, पुलिस हिरासत में युवक: मानसिक स्थिति की भी जांच

शिवपुरी। जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के छितिपुर गांव स्थित एक मंदिर में इंसानी मल-मूत्र फेंके जाने की घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। बुधवार सुबह मंदिर परिसर में आपत्तिजनक स्थिति मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मंदिर के पुजारी ओमप्रकाश ने बताया कि वह मंदिर परिसर में बने कमरे में सो रहे थे। सुबह करीब 4:30 बजे उन्होंने गांव के सतीश जाटव को मंदिर की ओर से भागते हुए देखा। इसके बाद जब वह मंदिर के अंदर पहुंचे तो माता मंदिर, भगवान शंकर के स्थान सहित परिसर के अन्य हिस्सों में मल-मूत्र फैला हुआ मिला। सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मंदिर पहुंच गए और विरोध जताते हुए पुलिस को शिकायत सौंपी।
दिनारा थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह कुशवाह ने बताया कि शिकायत मिलने पर पुलिस ने संबंधित युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। युवक के परिजनों का दावा है कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है, जिसकी पुष्टि के लिए मेडिकल दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, वहीं पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
