जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी सैकड़ों फरियादें, जरूरतमंद महिला को तुरंत मिली 5 हजार की सहायता

शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में सैकड़ों आवेदकों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। राजस्व संबंधी प्रकरणों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एसडीएम और तहसीलदारों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। उनकी त्वरित कार्रवाई के चलते बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर जनसुनवाई में पहुंच रहे हैं।
जनसुनवाई के दौरान खनियाधाना के ग्राम कफार निवासी कमलेश आदिवासी ने अपनी आर्थिक परेशानी बताई। इस पर कलेक्टर ने तत्काल रेड क्रॉस सोसायटी के माध्यम से 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर चेक प्रदान किया।
