जिस अब्दुल को रहने का आश्रय दिया, वही बेटी को भगा ले गया, कोर्ट-मैरिज की तैयारी के दौरान पहुंची मां ने चप्पलों से कूटा…

शिवपुरी। शिवपुरी में सोमवार को एक पुराने पॉक्सो प्रकरण से जुड़ा मामला उस समय सुर्खियों में आ गया, जब कोर्ट में पेशी के बाद कोर्ट-मैरिज की तैयारी कर रहे युवक की वन स्टॉप सेंटर के बाहर युवती की मां ने चप्पलों से पिटाई कर दी। घटना के दौरान कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही और मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामले के दौरान युवती के परिजनों के साथ कुछ हिंदू संगठन के कार्यकर्ता भी मौके पर मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी अब्दुल रहमान फर्नीचर का काम करने कोलारस आया था। आरोप है कि किराए के मकान में रहने के दौरान उसका संपर्क एक नाबालिग लड़की से हुआ था। परिजनों की शिकायत पर कोलारस थाना पुलिस ने उसके खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। बाद में उसे न्यायालय से जमानत मिल गई और मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
बताया जा रहा है कि युवती के बालिग होने के बाद दोनों फिर से संपर्क में आए और साथ रहने लगे। सोमवार को दोनों पुराने पॉक्सो प्रकरण में पेशी के लिए शिवपुरी न्यायालय पहुंचे थे। पेशी के बाद दोनों ने विवाह करने की इच्छा जताई और कोर्ट परिसर के बाहर विवाह संबंधी दस्तावेज तैयार कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी। इसकी जानकारी मिलने पर युवती के परिजन और कुछ हिंदू संगठन के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों को वन स्टॉप सेंटर ले जाकर काउंसलिंग कराई गई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी।
काउंसलिंग के बाद जैसे ही दोनों पक्ष वन स्टॉप सेंटर से बाहर निकले, विवाद बढ़ गया। इसी दौरान युवती की मां ने युवक पर चप्पलों से हमला कर दिया। कुछ देर तक सड़क पर हंगामा होता रहा। वहां मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो देर शाम सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। बाद में युवती अपने परिजनों के साथ चली गई, जबकि युवक अपने पिता के साथ वापस उत्तर प्रदेश लौट गया।
पुलिस के अनुसार, युवक के खिलाफ दर्ज पुराना पॉक्सो प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है। वायरल वीडियो और सोमवार को हुए घटनाक्रम को लेकर भी संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
