पेट्रोल की बोतल लेकर पुलिस कंट्रोल रूम पहुंची महिला, बोली- अब नहीं मिला न्याय तो जान दे दूंगी…

शिवपुरी। शहर के सईसपुरा क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने पति के साथ पुलिस कंट्रोल रूम पहुंची और हाथ में पेट्रोल से भरी बोतल लेकर आत्मघाती कदम उठाने की बात कहने लगी। मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए उसके हाथ से बोतल छीन ली और काफी देर तक समझाइश देकर उसे शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने महिला का आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
महिला ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष उसे कम दहेज लाने का ताना देता रहा और मायके से रुपए लाने का दबाव बनाया जाता था। विरोध करने पर उसके साथ मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना की गई। महिला का कहना है कि उसके एक लाख रुपए और सोने-चांदी के जेवर भी ससुराल वालों ने अपने पास रख लिए हैं और अब उन्हें लौटाने से इनकार कर रहे हैं। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसे और उसके पति को मकान से बेदखल करने की कोशिश की जा रही है। यहां तक कि उनके उपयोग वाले कॉमन शौचालय पर भी ताला लगा दिया गया है। महिला के अनुसार, जिस मकान में वे रह रहे हैं उसका निर्माण उसके पति और ससुर की कमाई से हुआ था, लेकिन रजिस्ट्री सास के नाम होने के कारण अब उन्हें घर से निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
महिला ने बताया कि 13 अप्रैल 2026 को उसके साथ मारपीट की गई थी। उसने पहले फिजिकल थाना और बाद में महिला थाना में शिकायत की, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसके बाद वह पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाने पहुंची। महिला का यह भी आरोप है कि उसे और उसके पति को झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं।
महिला के पति ने बताया कि वह पिछले दो दिनों से पुलिस अधीक्षक कार्यालय के चक्कर लगा रहा था, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि जिस मकान से उन्हें बेदखल किया जा रहा है, उसके निर्माण में उनकी मेहनत और कमाई का पैसा लगा है। कार्रवाई नहीं होने से परेशान होकर दोनों मंगलवार को कंट्रोल रूम पहुंचे, जहां महिला अपने साथ पेट्रोल से भरी बोतल लेकर पहुंच गई।
पुलिस ने महिला को समझाइश देकर शांत कराया और उसका आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
