भतीजी की शादी में आया युवक सड़क हादसे का शिकार, अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत

शिवपुरी। जिले के अमोला थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। युवक अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने गांव आया था। शादी समारोह के बाद किसी काम से जाते समय उसकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, अमोला क्रेशर निवासी 35 वर्षीय इंदल पुत्र मेहरबान परिहार अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने अमोला कॉलोनी क्रमांक-1 आया था। मंगलवार को वह बाइक से अमोला कॉलोनी क्रमांक-2 की ओर जा रहा था। इसी दौरान कोटा-झांसी हाईवे पर उत्कर्ष होटल के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इंदल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अमोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।
