बैराड़ में विहिप-बजरंग दल का सेवा सप्ताह जारी, दूसरे दिन बगिया वाले हनुमान मंदिर में हुआ स्वच्छता अभियान

शिवपुरी। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल प्रखंड बैराड़ द्वारा आयोजित सेवा सप्ताह के तहत लगातार सेवा एवं स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। 5 से 12 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत स्वच्छता, पौधारोपण, जनजागरूकता और सामाजिक सेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
सेवा सप्ताह के पहले दिन कार्यकर्ताओं ने बैराड़ के बाग वाली काली माता मंदिर में श्रमदान कर मंदिर परिसर की साफ-सफाई की थी। अभियान के माध्यम से धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने और समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।
सोमवार को सेवा सप्ताह के दूसरे दिन विहिप एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता बगिया वाले हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां सभी ने सामूहिक श्रमदान करते हुए मंदिर परिसर की साफ-सफाई की और आसपास फैली गंदगी को हटाया। कार्यकर्ताओं ने लोगों से अपने आसपास के धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने तथा सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
अभियान में विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष भास्कर झा, जिला सह महाविद्यालय प्रमुख प्रिंस प्रजापति, महावीर कर्ण, सह संयोजक सुनील राजौरिया, सह मंत्री अजमेर चंदेल, गिर्राज रावत, विजय रावत सहित दर्जनभर से अधिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान सभी ने सेवा सप्ताह के शेष दिनों में भी जनहित और समाजोपयोगी गतिविधियों को पूरी सक्रियता के साथ संचालित करने का संकल्प लिया।
