नामजद FIR की मांग पर कांग्रेस का SP कार्यालय के बाहर धरना, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

शिवपुरी। पिछोर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ हुई कथित मारपीट के मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर कांग्रेस ने सोमवार से पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर चार दिवसीय धरना शुरू कर दिया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि शिकायत में नामजद लोगों के नाम देने के बावजूद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
धरना सोमवार सुबह 11 बजे प्रस्तावित था। इससे पहले एडिशनल एसपी संजीव मुले ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित अग्रवाल से करीब एक घंटे तक चर्चा कर धरना टालने का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता एसपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। धरने में पिछोर विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेस का कहना है कि 27 मई को पिछोर में नवीन नगर परिषद भवन के पास शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन के दौरान 10 से 12 बाइकों पर सवार 25 से 30 लोग लाठी-डंडे और प्लास्टिक पाइप लेकर पहुंचे और कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट कर उपद्रव किया।
कांग्रेस ने अपनी शिकायत में मंगल लोधी, सुनील लोधी, आजाद लोधी, सौरव लोधी, जीवन लोधी, असवेन्द्र लोधी, कपूर लोधी और आकाश लोधी सहित अन्य लोगों को नामजद आरोपी बताया था। आरोप है कि इसके बावजूद पुलिस ने केवल अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
पिछोर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनिल गुप्ता ने दावा किया कि घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज और तस्वीरें पुलिस के पास मौजूद हैं, जिनसे आरोपियों की पहचान की जा सकती है। उन्होंने पुलिस पर भाजपा के दबाव में काम करने, नामजद आरोपियों पर कार्रवाई नहीं करने तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर झूठे प्रकरण दर्ज करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो चार दिवसीय धरने के बाद आंदोलन को ग्वालियर और फिर भोपाल तक विस्तारित किया जाएगा।
