मूंगफली का बीज नहीं मिलने पर किसानों का चक्काजाम, 3 घंटे बाधित रहा नरवर-मगरौनी मार्ग

शिवपुरी। जिले के नरवर में मूंगफली का बीज उपलब्ध नहीं होने से नाराज किसानों ने सोमवार को कृषि विभाग कार्यालय के बाहर नरवर-मगरौनी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। किसानों का आरोप है कि वे पिछले आठ दिनों से बीज के लिए कृषि विभाग के चक्कर लगा रहे हैं। सोमवार को बीज वितरण का आश्वासन दिया गया था, लेकिन न तो अधिकारी पहुंचे और न ही बीज उपलब्ध कराया गया।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनय यादव और तहसीलदार विजय कुमार त्यागी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान बीज मिलने तक सड़क खाली करने को तैयार नहीं हुए।
नए विनेगा गांव की किसान मुन्नी बाई ने बताया कि आठ दिनों से लगातार कृषि विभाग के चक्कर लगाने के बावजूद बीज नहीं मिला। सोमवार सुबह 8 बजे से किसान कार्यालय के बाहर इंतजार करते रहे, लेकिन अधिकारी नहीं पहुंचे। उन्होंने बताया कि आठ गांवों के किसानों के दस्तावेज पहले ही जमा हो चुके हैं और समय पर बीज नहीं मिलने से मूंगफली की बुवाई प्रभावित हो रही है।
बरखाड़ी गांव की किसान रानी जाटव ने बताया कि प्रतिदिन करीब 200 किसान बीज लेने कृषि विभाग पहुंचते हैं, लेकिन अधिकतर समय कार्यालय पर ताला लगा मिलता है। अधिकारियों का जवाब रहता है कि जिले में बीज उपलब्ध नहीं है। किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक बीज उपलब्ध नहीं कराया जाएगा, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
करीब तीन घंटे तक चले चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस और प्रशासन किसानों को समझाने में जुटा रहा, जबकि किसान अपनी मांग पर अड़े रहे।
वहीं, कृषि विभाग के उप संचालक मुनेश कुमार शाक्य ने संपर्क करने पर बताया कि वे न्यायालयीन कार्य में व्यस्त हैं और फिलहाल इस मामले में कोई जानकारी नहीं दे सकते।
