CM-राइज स्कूल के प्राचार्य के घर चोरी का फरार आरोपी गिरफ्तार, नगदी व चांदी के आभूषण बरामद

शिवपुरी। बदरवास थाना पुलिस ने सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य के घर हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की नगदी और चांदी के आभूषण बरामद कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 23 मई 2026 को बदरवास निवासी एवं सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य महेंद्र कुमार गुप्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात के समय अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर सोने-चांदी के पुराने आभूषण और करीब 10 लाख रुपये नगद चोरी कर ले गए। शिकायत पर थाना बदरवास में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में सूचना मिली, जिसके आधार पर ग्राम सिंगवासा, थाना कैंट जिला गुना में दबिश देकर पारदी गिरोह के आरोपी केशव पुत्र केदार पारदी (19) निवासी बीलाखेड़ा, हाल निवासी सिंगवासा को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से तीन जोड़ी चांदी की पायल और 20 हजार रुपये नगद बरामद किए गए। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन यादव, उपनिरीक्षक नरेंद्र खेमस, उपनिरीक्षक शिखा तितारी, सहायक उपनिरीक्षक रघुवीर सिंह मछेनिया, सहायक उपनिरीक्षक राकेश शिवहरे, सहायक उपनिरीक्षक गोपाल बाबू तथा आरक्षक अनित बुनकर, सदन भिलाला, रिंकू माहौर और राजकुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
