सिंध नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत, अवैध रेत उत्खनन पर उठे सवाल

शिवपुरी। कोलारस विधानसभा क्षेत्र के ग्राम साखनौर स्थित सिंध नदी में रविवार को नहाने गए दो युवकों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं नदी में कथित अवैध रेत उत्खनन को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
मृतकों की पहचान गोपाल शर्मा पुत्र प्रदुम शर्मा एवं कल्लू पठान पुत्र बाबू पठान, दोनों निवासी कोलारस के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक सिंध नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सिंध नदी में लंबे समय से कथित रूप से अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा है, जिससे नदी में कई जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यही गहरे गड्ढे इस हादसे की वजह बने हैं। उनका आरोप है कि यदि प्रशासन समय रहते अवैध उत्खनन पर प्रभावी कार्रवाई करता, तो यह हादसा टाला जा सकता था।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक के साथ-साथ प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखने को मिली। ग्रामीणों ने सिंध नदी में हो रहे कथित अवैध रेत उत्खनन की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
