1000893727

बिजली के खंभे से टकराई ग्वालियर-इंदौर बस, ट्रांसफार्मर गिरा, सभी यात्री सुरक्षित

1000893727

शिवपुरी। ग्वालियर से इंदौर जा रही एक निजी बस शनिवार देर रात शहर के सर्किट हाउस रोड पर अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि खंभे पर लगा ट्रांसफार्मर नीचे गिर पड़ा। गनीमत रही कि उस समय बिजली आपूर्ति बंद थी, जिससे करंट फैलने जैसी कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई और बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बच गए।

घटना शनिवार रात करीब 11:30 बजे सर्किट हाउस रोड स्थित शराब दुकान के पास हुई। अशोक ट्रेवल्स की बस (क्रमांक MP 07 ZL 7765) ग्वालियर से इंदौर जा रही थी। अचानक चालक का संतुलन बिगड़ने से बस सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई। क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर और खंभे को हटाने के बाद करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई। वहीं, बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *