1000895316

2,500 करोड़ के अदाणी डिफेंस प्लांट से शिवपुरी बनेगा रक्षा उत्पादन का नया केंद्र

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया भूमिपूजन, 211 करोड़ से अधिक के 38 विकास कार्यों की दी सौगात

सुभाषपुरा नई तहसील, खोड़ में कॉलेज, वीरा में पीएचसी, 108 फीट शिव प्रतिमा और 14 किमी फोरलेन की भी घोषणा

1000895316

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के लिए रविवार ऐतिहासिक दिन साबित हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जिले के पाली क्षेत्र में लगभग 2,500 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाले अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिले को 211 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 38 विकास कार्यों की सौगात देते हुए कई नई घोषणाएं भी कीं। पोलोग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा में हजारों लोगों की मौजूदगी के बीच मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवपुरी अब केवल पर्यटन और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए ही नहीं, बल्कि देश के रक्षा उत्पादन मानचित्र पर भी अपनी नई पहचान बनाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का रक्षा क्षेत्र लगातार मजबूत हुआ है। जो देश कभी रक्षा उपकरणों का आयात करता था, वही आज आधुनिक रक्षा उत्पादों का निर्यात कर रहा है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान को अब निजी क्षेत्र भी नई गति दे रहा है और शिवपुरी में स्थापित होने वाला यह डिफेंस प्लांट उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश आज निवेश, उद्योग और रोजगार का विश्वसनीय केंद्र बन चुका है तथा ग्वालियर-चंबल क्षेत्र रक्षा, एविएशन और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में तेजी से उभर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस का यह प्लांट दक्षिण एशिया का निजी क्षेत्र का सबसे बड़ा मिसाइल इकोसिस्टम मैन्युफैक्चरिंग प्लांट होगा। यहां रक्षा क्षेत्र के लिए गोला-बारूद, मिसाइल और अन्य आधुनिक उपकरणों का निर्माण किया जाएगा। इससे न केवल देश की सामरिक क्षमता मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर लगभग 4 से 5 हजार प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। साथ ही क्षेत्र में लघु उद्योगों और रक्षा आपूर्ति श्रृंखला को भी नई मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार केवल घोषणाएं नहीं बल्कि विकास करने वाली सरकार है। पिछले छह महीनों में प्रदेश में निवेश, उद्योग और सुशासन का नया अध्याय लिखा गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की उद्योग हितैषी नीतियों के कारण बड़ी-बड़ी कंपनियां मध्यप्रदेश में निवेश कर रही हैं और आने वाले समय में प्रदेश देश का प्रमुख औद्योगिक केंद्र बनेगा।

जिले को मिली विकास योजनाओं की बड़ी सौगात

मुख्यमंत्री ने जिले के लिए 211 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 38 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 166.72 करोड़ रुपये की लागत के 28 कार्यों का लोकार्पण तथा 44.57 करोड़ रुपये के 10 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। उन्होंने 106 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से करैरा, खनियाधाना और गणेशखेड़ा में बने संदीपनि मॉडल स्कूलों का लोकार्पण भी किया। इसके अलावा जिला अस्पताल में निर्मित 50 बिस्तरीय क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक सहित कई सड़क, पुल, विद्यालय और पेयजल परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया।

मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं

जनसभा में मुख्यमंत्री ने शिवपुरी शहर के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने शहर में बढ़ते यातायात को देखते हुए लगभग 120 करोड़ रुपये की लागत से 14 किलोमीटर लंबी फोरलेन (सर्कुलर रोड) बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही शहर में 108 फीट ऊंची भगवान शिव की प्रतिमा स्थापित कर उसके आसपास पर्यटन केंद्र विकसित करने की बात कही। मुख्यमंत्री ने सुभाषपुरा को नई तहसील बनाने, खोड़ में शासकीय महाविद्यालय खोलने, पिछोर विधानसभा के वीरा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने, करैरा-भितरवार-समोहा डैम मार्ग का निर्माण, कोलारस में नया संदीपनि विद्यालय तथा जिला अस्पताल में बच्चों के लिए 200 बिस्तरीय सर्वसुविधायुक्त अस्पताल खोलने की भी घोषणा की।

‘भारत अब आंख झुकाकर नहीं, आंख मिलाकर बात करता है’ : सिंधिया

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह भारत का स्वर्णिम दौर है। आज देश दुनिया के सामने आंख झुकाकर नहीं, बल्कि आंख मिलाकर बात करता है। उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान के कारण भारत रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। शिवपुरी में डिफेंस यूनिट की स्थापना से जिले का नाम देश के रक्षा उत्पादन मानचित्र पर स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगा। उन्होंने बताया कि भोपाल ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में अदाणी समूह ने मध्यप्रदेश में 1.10 लाख करोड़ रुपये निवेश की घोषणा की थी और शिवपुरी का यह प्रोजेक्ट उसी दिशा में बड़ा कदम है।

सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश निवेशकों का भरोसेमंद राज्य बन चुका है। शिवपुरी आगरा-मुंबई एक्सप्रेसवे, ग्वालियर-कोटा एक्सप्रेसवे और अन्य प्रमुख मार्गों से जुड़ा होने के कारण उद्योगों के लिए आदर्श स्थान बन गया है। इस परियोजना से न केवल हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा बल्कि पूरे ग्वालियर-चंबल क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

जीत अदाणी बोले— दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा मिसाइल इकोसिस्टम बनेगा

अदाणी समूह के निदेशक जीत अदाणी ने कहा कि शिवपुरी में बनने वाली यह अत्याधुनिक इकाई दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा मिसाइल इकोसिस्टम होगी, जहां कच्चे माल से लेकर तैयार मिसाइल तक का निर्माण एक ही परिसर में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के नेतृत्व तथा राज्य सरकार की उद्योग अनुकूल नीतियों के कारण मध्यप्रदेश देश की सबसे मजबूत ग्रोथ स्टोरी बनकर उभरा है।

हितग्राहियों को वितरित किए करोड़ों रुपये के लाभ

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को आर्थिक सहायता और स्वीकृति पत्र भी वितरित किए। मुख्यमंत्री उद्यम योजना, डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना, पीएम जनमन आवास योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, कल्याणी विवाह सहायता योजना, मत्स्य उद्योग नीति तथा स्वयं सहायता समूहों को करोड़ों रुपये की सहायता प्रदान की गई।

कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, विधायक देवेन्द्र जैन, महेंद्र सिंह यादव, रमेश खटीक, प्रीतम लोधी, उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अदाणी समूह के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *