शिवपुरी में कल होगा 2,500 करोड़ के अडानी डिफेंस प्लांट का उद्घाटन, CM मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री सिंधिया करेंगे शुभारंभ

शिवपुरी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया रविवार 5 जुलाई को दोपहर 1 बजे शिवपुरी में अडानी समूह के लगभग ₹2,500 करोड़ की लागत से स्थापित किए जा रहे अत्याधुनिक डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उद्घाटन करेंगे। यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के साथ प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
प्रस्तावित संयंत्र के शुरू होने से शिवपुरी और ग्वालियर-चंबल अंचल देश के उभरते रक्षा विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित होंगे। ग्वालियर में पहले से संचालित स्मॉल आर्म्स मैन्युफैक्चरिंग कॉम्प्लेक्स के साथ मिलकर यह प्लांट क्षेत्र में मजबूत डिफेंस इकोसिस्टम तैयार करेगा। परियोजना के माध्यम से लगभग 5,000 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने के साथ स्थानीय एमएसएमई को भी रक्षा उत्पादन की सप्लाई चेन से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
परियोजना का निर्माण अगले तीन वर्षों में पूरा कर उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। ग्वालियर स्थित अडानी स्मॉल आर्म्स प्लांट की सफलता के बाद इसे क्षेत्र की दूसरी बड़ी रक्षा विनिर्माण परियोजना माना जा रहा है। सरकार का कहना है कि बदरवास, गुना और अब शिवपुरी में हो रहे बड़े निवेश ग्वालियर-चंबल अंचल को मध्य भारत के प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
