जेठानी के उकसाने पर जेठ ने देवरानी से की मारपीट, जान से मारने की धमकी: FIR दर्ज

शिवपुरी। जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के मोहराई गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला के साथ उसके जेठ द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर कोलारस थाना पुलिस ने शनिवार को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहराई निवासी 27 वर्षीय जानकी बैरागी पत्नी मनीष बैरागी ने पुलिस को बताया कि उसकी जेठानी पूजा बैरागी अक्सर उसके जेठ गोविंद बैरागी को उसके खिलाफ भड़काती रहती है, जिससे परिवार में विवाद बना रहता है। 3 जुलाई की दोपहर करीब 3 बजे वह अपने घर के बाहर खड़ी थी। तभी गोविंद बैरागी वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने थप्पड़ों से उसकी पिटाई कर दी। मारपीट में उसके दोनों हाथों और पीठ पर चोटें आई हैं।
जानकी ने बताया कि शोर सुनकर उसका भाई जितेंद्र बैरागी और छोटू कोरी मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव कर उसे बचाया। आरोप है कि जाते समय गोविंद बैरागी ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
