1000890509

पोहरी में जमीन विवाद में किसान की हत्या, पीटने के बाद डीजल डालकर जिंदा जलाने का आरोप

1000890509

शिवपुरी। जिले के पोहरी थाना क्षेत्र के नयागांव में जमीन विवाद को लेकर एक ग्रामीण की पीट-पीटकर हत्या करने और उस पर डीजल डालकर जिंदा जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसे ग्रामीण की शनिवार सुबह जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान अरविंद धाकड़ के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार परिवार में लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। गुरुवार को अरविंद धाकड़ और उनके परिजनों ने विवादित जमीन पर बोवनी की थी। शुक्रवार दोपहर अरविंद धाकड़ अपने पोते अंशुल धाकड़ के साथ खेत पर फसल देखने पहुंचे थे। आरोप है कि तभी प्रकाश धाकड़, उनकी पत्नी आशा धाकड़, बंटी धाकड़, हरिओम धाकड़, हरिशंकर और विमल धाकड़ मौके पर पहुंचे और दोनों पर लाठियों से हमला कर दिया।

अंशुल धाकड़ का आरोप है कि वह किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकला, लेकिन दूर से उसने देखा कि आरोपी उसके दादा के साथ लगातार मारपीट करते रहे। इसके बाद आरोपियों ने ट्रैक्टर से डीजल निकालकर अरविंद धाकड़ पर डाल दिया और उन्हें आग लगा दी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

अंशुल के पास मोबाइल नहीं था, इसलिए वह दौड़कर घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद गंभीर रूप से झुलसे अरविंद धाकड़ को पहले पोहरी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। शनिवार सुबह करीब 5 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पोहरी थाना प्रभारी रवि चौहान ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *