घूरा हटाने की मांग लेकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ा युवक, एक घंटे की समझाइश के बाद उतारा गया

शिवपुरी। जिले के खोरघार गांव में शुक्रवार शाम एक युवक अपनी मांग मनवाने के लिए मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। युवक का कहना था कि उसके घर के पास रास्ते पर लंबे समय से कचरे का ढेर (घूरा) पड़ा है, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर उसने यह कदम उठाया।
सूचना मिलते ही सिरसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे तक समझाइश के बाद पुलिस ने युवक को सुरक्षित टॉवर से नीचे उतार लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम खरईभाट निवासी कुलदीप परिहार पुत्र अमर सिंह परिहार बताया। उसने पुलिस को बताया कि पंचायत से कई बार शिकायत करने के बावजूद रास्ते से घूरा नहीं हटाया गया, जिससे परेशान होकर वह टॉवर पर चढ़ गया।
सिरसौद थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। उसकी शिकायत संबंधित विभाग तक पहुंचाई जाएगी और मामले में आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
