शिवपुरी में जर्जर स्कूल भवन की छत गिरी, बड़ा हादसा टला: घटना के समय को लेकर विरोधाभास

शिवपुरी। जिले के बदरवास जनपद की ग्राम पंचायत ईचौनिया के चक्क मोहम्मदपुर स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय के जर्जर भवन की छत शुक्रवार को ढह गई। गनीमत रही कि हादसे के समय भवन में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्यालय में शिक्षकों की अनुपस्थिति पर सवाल उठाए हैं, जबकि अधिकारियों और स्थानीय लोगों के बयानों में घटना के समय को लेकर विरोधाभास सामने आया है।
ग्रामीणों के अनुसार, छत शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे गिरी। उनका आरोप है कि उस समय विद्यालय में कोई शिक्षक मौजूद नहीं था और बच्चे भी नहीं थे। उनका कहना है कि यदि नियमित रूप से कक्षाएं संचालित हो रही होतीं तो यह हादसा गंभीर रूप ले सकता था।
विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य पूजा विजौले ने बताया कि भवन पहले से जर्जर था। इसी कारण अप्रैल माह से माध्यमिक विद्यालय की कक्षाएं प्राथमिक विद्यालय के भवन में संचालित की जा रही थीं। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचीं और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।
वहीं, बीआरसी अंगद सिंह तोमर और डीपीसी दफेदार सिंह सिकरवार का कहना है कि छत रात के समय गिरी थी, जबकि ग्रामीणों और प्रभारी प्राचार्य का दावा है कि हादसा शुक्रवार दोपहर हुआ। डीपीसी सिकरवार ने बताया कि सूचना मिलते ही वह जिला शिक्षा अधिकारी के साथ मौके पर पहुंचे। शिक्षा विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
