1000885935

6 साल के मासूम की अंगुलियां काटने का आरोप, पिता ने SP से लगाई न्याय की गुहार

1000885935

शिवपुरी। जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में छह वर्षीय एक बच्चे के साथ कथित बर्बरता का मामला सामने आया है। बच्चे के पिता ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोप लगाया कि गांव के दो लोगों ने उनके बेटे के बाएं हाथ का अंगूठा और एक उंगली कुल्हाड़ी से काट दी। पीड़ित परिवार ने आरोपियों पर मारपीट, जान से मारने की धमकी देने और झूठा मामला दर्ज कराने का भी आरोप लगाया है।

बदरवास थाना क्षेत्र के ग्राम मदनपुर निवासी रामवीर गुर्जर ने शिकायत में बताया कि बुधवार शाम करीब 4 बजे उनका छह वर्षीय बेटा सचिन घर के पास खेल रहा था। आरोप है कि गांव के आनंद गुर्जर और उदयभान गुर्जर उसे अपने घर ले गए, जहां पुरानी रंजिश के चलते कुल्हाड़ी से उसके बाएं हाथ का अंगूठा और एक उंगली काट दी गई। तीसरी उंगली भी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्चा रोते हुए घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी भी मौजूद हैं।

रामवीर का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। समाज के कुछ लोगों ने समझौते का भरोसा देकर उन्हें तत्काल पुलिस में शिकायत करने से रोक दिया। अगले दिन जब परिवार इलाज की बात करने आरोपियों के घर पहुंचा तो आरोपित पक्ष के लोग लाठी-डंडे लेकर उनके घर आ गए और मारपीट की। इस दौरान रामवीर के सिर में लाठी मारकर घायल करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने खुद अपनी मां को चोट पहुंचाकर उनके खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज करा दी, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी उनके पास होने का दावा किया गया है।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि डायल-112 पर सूचना देने के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची और थाने में भी उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई, जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत पर कार्रवाई कर दी गई। उन्होंने एसपी से बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराने, निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

वहीं, बदरवास थाना प्रभारी नवीन यादव ने बताया कि रामवीर पक्ष थाने आया था और दूसरे पक्ष को भी बुलाया गया था, लेकिन दूसरे पक्ष के आने से पहले ही रामवीर वहां से चले गए। उन्होंने बताया कि उस समय बच्चा भी साथ नहीं था। बच्चे को थाने बुलाया गया है और जांच व पूछताछ के बाद उनकी ओर से भी नियमानुसार मामला दर्ज किया जाएगा।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *