चार दिन से बिजली गुल, छात्राओं ने बिजली कंपनी कार्यालय के सामने लगाया चक्काजाम

शिवपुरी। जिले के पिछोर कस्बे की पाल कॉलोनी में चार दिनों से बिजली आपूर्ति बंद होने से नाराज छात्राओं ने गुरुवार रात बिजली वितरण कंपनी के कार्यालय के सामने चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। बिजली नहीं मिलने से पढ़ाई प्रभावित होने की बात कहते हुए छात्राओं ने मुख्य मार्ग पर बैठकर विरोध जताया। करीब आधे घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद विद्युत विभाग ने लाइन सुधारने का काम शुरू किया, तब जाकर छात्राएं मानीं।
जानकारी के अनुसार, पाल कॉलोनी की घरेलू बिजली लाइन टूट जाने से पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। चार दिनों तक बिजली नहीं मिलने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक दिक्कत छात्राओं को हुई, जिनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही थी।
प्रदर्शन कर रहीं छात्राओं ने आरोप लगाया कि वे नियमित रूप से बिजली बिल जमा करती हैं, इसके बावजूद चार दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर थीं। कई बार शिकायत दर्ज कराने और अधिकारियों-कर्मचारियों को फोन करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका आरोप था कि जिम्मेदार अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे थे।
गुरुवार रात प्रियंका लोधी सहित दर्जनभर छात्राएं बिजली कंपनी के कार्यालय पहुंचीं और मुख्य मार्ग पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि जब तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होगी, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।
सूचना मिलने पर एसडीएम ममता शाक्य के निर्देश पर पुलिस और विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने तत्काल टूटी हुई बिजली लाइन की मरम्मत शुरू की। बिजली आपूर्ति बहाल करने की कार्रवाई शुरू होने के बाद छात्राओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
