खेत में सिंचाई के दौरान किसान की करंट लगने से मौत, बोरवेल चलाते समय हुआ हादसा

शिवपुरी। मणिखेड़ा गांव में शुक्रवार सुबह खेत में सिंचाई के दौरान एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई। बोरवेल चलाते समय वह विद्युत करंट की चपेट में आ गए। परिजन उन्हें तत्काल शिवपुरी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मणिखेड़ा निवासी माथुर जाटव (40) पुत्र भरोसा जाटव शुक्रवार सुबह अपने खेत में सिंचाई करने गए थे। इसी दौरान बोरवेल की विद्युत व्यवस्था में करंट आने से वह उसकी चपेट में आ गए और खेत में ही बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण करंट लगना माना जा रहा है।
