सन सिटी मेले में बवाल: उज्जैन से जलपरी शो करने आईं युवतियों ने ठेकेदार पर छेड़छाड़ और भुगतान रोकने का लगाया आरोप

शिवपुरी। शहर के फतेहपुर क्षेत्र में चल रहे सन सिटी मेले में उस समय हड़कंप मच गया, जब जलपरी शो प्रस्तुत करने आईं उज्जैन की दो युवतियां कोतवाली पहुंच गईं। युवतियों ने मेला ठेकेदार पर छेड़छाड़ करने और तय मानदेय का भुगतान नहीं करने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। मामले के सामने आने के बाद मेले में भी चर्चा का माहौल बना रहा।
पीड़ित युवतियों के अनुसार, उन्हें उज्जैन से सन सिटी मेले में जलपरी शो के लिए बुलाया गया था। ठेकेदार से प्रतिदिन 7 हजार रुपये मानदेय तथा बाउंसर के लिए प्रतिदिन 600 रुपये अतिरिक्त भुगतान पर सहमति बनी थी। उनका कहना है कि पांच सदस्यीय टीम पिछले करीब 24 दिनों से लगातार मेले में शो कर रही थी। आरोप है कि शुरुआत के 10 दिनों का भुगतान तो कर दिया गया, लेकिन शेष 1 लाख 12 हजार 300 रुपये मांगने पर ठेकेदार ने मेला ठीक से नहीं चलने का हवाला देकर भुगतान देने से इनकार कर दिया। युवतियों का आरोप है कि विरोध करने पर ठेकेदार ने उनके साथ छेड़छाड़ भी की। कई बार भुगतान की मांग के बावजूद पैसा नहीं मिलने पर उन्होंने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
वहीं, मेला ठेकेदार ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। ठेकेदार का कहना है कि स्टाफ का लगभग 40 हजार रुपये भुगतान शेष है, जिसे वह देने के लिए तैयार है। उनका दावा है कि युवतियां वास्तविक बकाया से अधिक रकम की मांग कर रही हैं और दबाव बनाने के उद्देश्य से छेड़छाड़ के झूठे आरोप लगाए गए हैं।
फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनकर शिकायत प्राप्त कर ली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
