1000883381

जमीन विवाद में तहसीलदार से बहस हुई तो टॉवर पर चढ़ा युवक, भाई की TI से बहस, मां तख्त पर सिर पटकने लगी

1000883381

शिवपुरी। जिले की नरवर तहसील में गुरुवार को जमीन के बंटवारे के विवाद ने उस समय नाटकीय मोड़ ले लिया, जब एक ग्रामीण तहसीलदार से विवाद के बाद तहसील परिसर में लगे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान युवक की मां भी तहसील कार्यालय पहुंची और बेटे को बचाने की गुहार लगाते हुए कार्यालय में रखे तख्त पर सिर पटकने लगी। करीब एक घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद प्रशासन की समझाइश पर युवक सुरक्षित नीचे उतर आया।

जानकारी के अनुसार, नरवर तहसील के ग्राम नरउआ निवासी कृष्णा रावत ने पहले अपनी जमीन का एक हिस्सा बेच दिया था। खरीदार ने भूमि के बंटवारे के लिए आवेदन किया था और प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी थी। इसी बीच कृष्णा रावत ने जमीन पर अपना कब्जा बनाए रखा और मामले को लेकर तहसील में शिकायत भी दर्ज कराई थी। गुरुवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह अपनी शिकायत के संबंध में तहसील कार्यालय पहुंचा, जहां उसकी तहसीलदार विजय कुमार त्यागी से कहासुनी हो गई। इसके बाद वह सीधे तहसील परिसर में लगे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया और नीचे मौजूद अधिकारियों से कहा कि यह जमीन उसके पिता की मेहनत की कमाई है, इसलिए वह अपनी जमीन वापस लेकर ही रहेगा।

घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इसी दौरान युवक की मां भी तहसील पहुंची और भावुक होकर कार्यालय में रखे तख्त पर सिर पटकने लगी। वहीं कृष्णा रावत के भाई की नरवर थाना प्रभारी विनय यादव से भी तीखी बहस हुई, जिससे कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। अधिकारियों ने काफी देर तक समझाइश दी और शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद युवक टॉवर से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया।

इस मामले में नरवर तहसीलदार विजय कुमार त्यागी ने बताया कि कृष्णा रावत अपने प्रकरण को लेकर कार्यालय आया था। बातचीत के दौरान उसने कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी और जेल जाने जैसी बातें कहीं। तहसीलदार के अनुसार, कार्रवाई की आशंका के चलते वह मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया था। पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त प्रयास से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *