30 साल पुराने भूमि विवाद का हुआ समाधान, सीमांकन के बाद आवेदक को मिला कब्जा

शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा की जनसुनवाई में प्राप्त शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए राजस्व विभाग ने करीब 30 वर्ष पुराने भूमि विवाद का निराकरण कर आवेदक को उसकी जमीन का विधिवत कब्जा दिला दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से वर्षों से लंबित विवाद का समाधान हो गया।
ग्राम भौंती निवासी रामचरण पुत्र गोकुल लोधी ने जनसुनवाई में अपनी भूमि के सीमांकन और कब्जा दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया था। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद राजस्व विभाग ने प्रकरण को प्राथमिकता पर लेकर मौके पर पहुंचकर भूमि का सीमांकन कराया।
राजस्व अधिकारियों ने नियमानुसार सीमांकन की प्रक्रिया पूरी की और आवेदक तथा दूसरे पक्ष की मौजूदगी में विवाद का निपटारा करते हुए रामचरण लोधी को उसकी भूमि का विधिवत कब्जा सौंप दिया। कार्रवाई के दौरान एसडीएम ममता शाक्य, तहसीलदार सहित राजस्व विभाग का अमला मौके पर मौजूद रहा।
जिला प्रशासन ने कहा है कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष निराकरण उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि आम नागरिकों को त्वरित न्याय और राहत मिल सके।
