SHIVPURI NEWS-नरवर में अवैध रेत भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 6 जगहों से करीब 400 ट्रॉली रेत जब्त

शिवपुरी। जिले में अवैध रेत उत्खनन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नरवर तहसील क्षेत्र में छह स्थानों से करीब 400 ट्रॉली अवैध रेत जब्त की है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर नरवर तहसीलदार विजय कुमार त्यागी के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
प्रशासन के अनुसार, ग्राम टुकी में सिंध नदी से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर बड़े पैमाने पर भंडारण किए जाने की सूचना मिली थी। कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां छह अलग-अलग स्थानों पर बड़ी मात्रा में रेत का अवैध भंडारण मिला। जांच के दौरान संबंधित लोगों से रेत भंडारण की वैध अनुमति और दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई भी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने लगभग 400 ट्रॉली रेत जब्त कर रेत के टीलों का चूने से सीमांकन कराया। जब्त रेत को आगामी कार्रवाई तक संबंधित ग्राम के कोटवार की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है। मामले की विस्तृत रिपोर्ट वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला खनिज अधिकारी को भेज दी गई है।
प्रशासन ने बताया कि जिले में 1 अक्टूबर 2026 तक रेत उत्खनन पर प्रतिबंध लागू है। इसके बावजूद अवैध उत्खनन और भंडारण की शिकायतों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन में शामिल लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
