शिवपुरी में अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर, मनियर में दो कॉलोनाइजरों पर प्रशासन की कार्रवाई

शिवपुरी। शहर में अवैध कॉलोनियों के निर्माण के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर बुधवार को राजस्व विभाग की टीम ने मनियर क्षेत्र में विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोनियों पर जेसीबी चलाकर वहां बनाई गई सड़कों को हटाया। प्रशासन ने संबंधित कॉलोनाइजरों को नियमानुसार अनुमति लेकर ही कॉलोनी विकसित करने की चेतावनी दी है।
एसडीएम शिवपुरी आनंद सिंह राजावत के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान मनियर क्षेत्र के सर्वे क्रमांक-275 में श्रीमती रेखा राय पत्नी भजनलाल राय द्वारा विकसित की जा रही कॉलोनी और सर्वे क्रमांक-259 में शिवराज सिंह पुत्र रामजीलाल धाकड़ द्वारा बनाई जा रही कॉलोनी में जेसीबी की मदद से अवैध रूप से निर्मित सड़कों को हटाया गया। प्रशासन ने दोनों कॉलोनाइजरों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना वैधानिक अनुमति के कॉलोनी का विकास नहीं किया जा सकता। नियमों का उल्लंघन जारी रहने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले उसकी वैधानिक अनुमति और दस्तावेजों की जांच अवश्य करें। बिना अनुमति विकसित की गई कॉलोनियों में निवेश करने से आर्थिक नुकसान हो सकता है, इसलिए पूरी जानकारी के बाद ही भूखंड खरीदें।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर अर्पित वर्मा ने नगरीय क्षेत्रों के सुव्यवस्थित विकास, अवैध कॉलोनियों पर रोक और अनधिकृत भूखंडों की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष ‘जिला स्तरीय कॉलोनी सेल’ का गठन किया है। साथ ही जिले के सभी एसडीएम को अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध नियमित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।:::
