शिवपुरी में पुलिया से टकराया तेज रफ्तार ट्रक, हेल्पर की मौत, चालक गंभीर घायल

शिवपुरी। जिले के सतनबाड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एनएच-46 पर पाठक होटल के पास तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गया। हादसे में ट्रक के हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रक शिवपुरी से ग्वालियर की ओर जा रहा था। रात करीब 1 बजे सतनबाड़ा थाना क्षेत्र में हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक व हेल्पर केबिन में फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकालकर शिवपुरी मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने 38 वर्षीय हेल्पर मंगल सिंह राजपूत, निवासी भानपुर जिला मंदसौर, को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल चालक का उपचार जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
