करैरा में अवैध रेत परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, रेत से भरी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त

शिवपुरी। जिले में अवैध खनन और रेत के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार को करैरा में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत से भरी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया। जब्त किए गए वाहनों को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए करैरा थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर यह कार्रवाई करैरा एसडीएम अनुपम शर्मा और तहसीलदार ललित शर्मा के संयुक्त नेतृत्व में की गई। प्रशासनिक टीम ने करैरा के लोक सेवा केंद्र के सामने टीला रोड पर अवैध रूप से खड़ी रेत से भरी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मौके पर पहुंचकर जब्त किया।
कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी वाहनों को अपने कब्जे में लेकर करैरा थाना भेज दिया, जहां उन्हें सुरक्षित रखवाया गया है। अब संबंधित प्रकरण में नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और अवैध रेत परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।
