1000878093

बैराड़ में सवारियों से भरी निजी बस पलटी : 16 यात्री घायल, चालक और स्टाफ मौके से फरार

1000878093

शिवपुरी। जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। ककरई गांव के पास मगर्दा-दुबेरा मार्ग पर सवारियों से भरी एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में 16 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बस चालक और अन्य स्टाफ मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9:35 बजे निजी यात्री बस अगरा गांव से सवारियों को लेकर शिवपुरी के लिए रवाना हुई थी। बैराड़ पहुंचने से पहले ककरई गांव के पास चालक अचानक बस से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए। कुछ ही देर में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को एम्बुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से बैराड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे में ललिता आदिवासी, धनवंती आदिवासी, न्यासी आदिवासी, नारायणी आदिवासी, रति आदिवासी, विद्या यादव, मछला आदिवासी, बीरो आदिवासी, पांचो आदिवासी, सुनीता धाकड़, होतम यादव, हल्की आदिवासी, शांति कुशवाहा, शांति धाकड़, रामकली आदिवासी और पप्पू आदिवासी घायल हुए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अधिकांश घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की वजह चालक को झपकी आना हो सकती है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हादसे के तुरंत बाद चालक और बस का अन्य स्टाफ मौके से फरार हो गया। बैराड़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *