जिम से घर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, खड़े मिनी ट्रक से टकराई बाइक

शिवपुरी। शहर के देहात थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब युवक जिम से घर लौट रहा था। गुना बायपास स्थित गौशाला मोड़ के पास उसकी बाइक सड़क पर खड़े आयशर मिनी ट्रक से जा टकराई। घटना के समय तेज बारिश होने के कारण दृश्यता काफी कम थी, जिससे हादसे की आशंका जताई जा रही है।
मृतक की पहचान गौशाला क्षेत्र निवासी मनोज रजक पुत्र धनपाल रजक (25) के रूप में हुई है। मनोज एक बैटरी एजेंसी में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। परिवार में माता-पिता और एक छोटी बहन हैं। वह परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे मनोज रोज की तरह जिम से बाइक से घर लौट रहा था। जब वह गुना बायपास स्थित गौशाला मोड़ के पास पहुंचा, तब सड़क पर आयशर मिनी ट्रक (MP07 CA 5131) खड़ा हुआ था। उसी दौरान बारिश के कारण सड़क पर दृश्यता कम होने से मनोज को ट्रक दिखाई नहीं दिया और उसकी बाइक सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल मनोज को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार को देहात थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आयशर मिनी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
