1000878094

शिवपुरी में आंधी-बारिश और आकाशीय बिजली का कहर, पांच भैंसों की मौत: मंदिर क्षतिग्रस्त, कई गांवों की बिजली ठप

1000878094

शिवपुरी। जिले में मंगलवार रात मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली ने जिले के कई गांवों में भारी नुकसान पहुंचाया। अलग-अलग घटनाओं में पांच भैंसों की मौत हो गई, एक मंदिर का शिखर क्षतिग्रस्त हो गया और कई बिजली के खंभे गिरने से ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर मुआवजा और जल्द राहत देने की मांग की है।

सबसे ज्यादा नुकसान पिछोर अनुविभाग के तिजारपुर गांव में हुआ। यहां किसान दानवीर सिंह यादव की पांच भैंसें आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे खिरियान में बंधी भैंसों पर बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। किसान के मुताबिक इस हादसे में उन्हें चार लाख रुपए से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

इसी दौरान खोड़ स्थित आसमानी माता मंदिर पर भी आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरने से मंदिर का शिखर और भवन का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि घटना के समय मंदिर परिसर में कोई श्रद्धालु मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मंदिर का निरीक्षण किया और प्रशासन को इसकी सूचना दी।

तेज आंधी का असर तेंदुआ थाना क्षेत्र के सिंधारपुर गांव में भी देखने को मिला। यहां खेतों में लगे करीब एक दर्जन बिजली के खंभे धराशायी हो गए। किसान रामप्रसाद धाकड़ के खेत में लगा ट्रांसफार्मर भी खंभे सहित गिर गया। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों तक बिजली पहुंचाने के लिए इन लाइनों और ट्रांसफार्मरों पर किसानों ने स्वयं खर्च किया था। खंभे गिरने से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई है, जिससे सिंचाई कार्य प्रभावित होने का खतरा पैदा हो गया है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जल्द बिजली बहाल करने और प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर मुआवजा देने की मांग की है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *