2 लाख लेकर कराई शादी, 10 दिन बाद बहू और बच्ची को ले गए, कलेक्टर से शिकायत

शिवपुरी। जिले के पोहरी क्षेत्र के ग्राम परिच्छा की 70 वर्षीय नारायणी शिवहरे ने मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन देकर शादी के नाम पर 2 लाख रुपये की ठगी और बहू को अपने कब्जे में रखने का गंभीर आरोप लगाया है। आवेदन में उन्होंने बताया कि उनके बेटे मनोज शिवहरे की शादी कराने का झांसा देकर मनियर निवासी गजराज उर्फ गज्जू परिहार और नंदू चापरा ने उनसे दो किस्तों में कुल 2 लाख रुपये लिए। इसके बाद लखी रघुवंशी नाम की महिला की शादी मनोज से कराकर उसे उसकी दो वर्षीय बेटी के साथ परिच्छा भेज दिया गया।
आवेदन के अनुसार, शादी के बाद परिवार ने लखी को सोने का मंगलसूत्र, चांदी के आभूषण और कपड़े दिए तथा उसे परिवार के सदस्य की तरह रखा। करीब 5 से 10 दिन बाद गजराज परिहार और नंदू चापरा लखी और उसकी बेटी को कुछ दिनों में वापस भेजने का कहकर अपने साथ ले गए, लेकिन करीब पांच महीने बीत जाने के बाद भी उन्हें वापस नहीं भेजा गया। आरोप है कि जब परिवार ने पैसे लौटाने या बहू को वापस भेजने की बात कही तो आरोपियों ने गाली-गलौज की, जान से मारने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी।
नारायणी शिवहरे ने आवेदन में यह भी दावा किया है कि 30 जून को वह अपने बेटे के साथ मनियर स्थित गजराज परिहार के घर पहुंचीं, जहां उन्होंने अपनी बहू लखी को देखा। आरोप है कि बहू को साथ ले जाने की बात कहने पर आरोपी मारपीट के लिए दौड़ पड़े, जिसके बाद उन्हें वहां से जान बचाकर भागना पड़ा। उन्होंने बताया कि इस मामले में 11 मई 2026 को कोतवाली थाना में भी शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
जनसुनवाई में वृद्ध महिला ने कलेक्टर से गजराज परिहार और नंदू चापरा के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कराने, बहू लखी और उसकी बेटी को बरामद कर परिवार को सौंपने तथा उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन ने आवेदन प्राप्त कर नियमानुसार जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
