हाजिरी लगाकर गायब मिलीं 3 शिक्षिकाएं, SDM के औचक निरीक्षण में मिड-डे मील में लापरवाही पर दो स्व-सहायता समूह हटाने के निर्देश

शिवपुरी। पोहरी अनुभाग के संकुल केंद्र छर्च स्थित शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को एसडीएम जे.पी. गुप्ता के औचक निरीक्षण में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण के दौरान तीन शिक्षिकाएं उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर दर्ज करने के बावजूद बिना सूचना के विद्यालय से अनुपस्थित मिलीं। वहीं मध्यान्ह भोजन व्यवस्था में भी लापरवाही पाए जाने पर एसडीएम ने संबंधित स्व-सहायता समूहों को हटाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में पदस्थ श्रीमती नंदनी चौहान, श्रीमती मीणा तिजोरिया एवं श्रीमती किरण मेवाड़ उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर करने के बाद भी विद्यालय में मौजूद नहीं थीं। इस पर एसडीएम जे.पी. गुप्ता ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए तीनों शिक्षिकाओं को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्यों में लापरवाही और बिना सूचना अनुपस्थित रहने को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसडीएम ने विद्यालय की मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि बच्चों को निर्धारित समय पर भोजन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा था और मेन्यू के अनुरूप भोजन भी नहीं परोसा जा रहा था। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने रामजानकी स्व-सहायता समूह एवं गढ़ी सरकार स्व-सहायता समूह को हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित बीआरसीसी को दिए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। एसडीएम ने संकुल प्रभारी को निर्देश दिए कि विद्यालय में पाई गई सभी कमियों को तत्काल दूर किया जाए और शिक्षण कार्य, अनुशासन तथा अन्य व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों को मिलने वाली सभी सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
