25 लाख की चोरी का 36 घंटे में खुलासा: 50 हजार का इनामी बदमाश समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, तिजोरी, जेवर, नकदी और बाइक बरामद

शिवपुरी। पोहरी थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 25 लाख रुपये की चोरी का महज 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह के दो सदस्यों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश भी शामिल है। पुलिस ने चोरी गई लोहे की तिजोरी, करीब 23 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 85 हजार रुपये नकद, चोरी की गई पल्सर मोटरसाइकिल और एक अवैध देशी बंदूक बरामद की है।
25 जून को कृष्णगंज पोहरी निवासी अनुज शर्मा ने थाना पोहरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 जून की रात अज्ञात चोर उनके छोटे भाई नीतू शर्मा के मकान के ताले और कुंडी काटकर घर में घुस गए। चोर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर, करीब तीन क्विंटल वजनी लोहे की तिजोरी और घर के बाहर खड़ी पल्सर मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। इस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रवि चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। थाना सुभाषपुरा पुलिस और साइबर सेल की मदद से सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। जांच के दौरान चकराना रोड स्थित सीएचसी अस्पताल के पास पुलिया के नीचे चोरी की गई पल्सर मोटरसाइकिल और क्षतिग्रस्त हालत में लोहे की तिजोरी बरामद कर ली गई।
27 जून की रात मुखबिर से सूचना मिली कि तीन व्यक्ति आईटीआई कॉलेज के पीछे नाले के पास चोरी के माल का बंटवारा करने की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर रामनिवास मोगिया निवासी गोपालपुर, श्रीवल्लभ उर्फ रनघोर पारदी निवासी कनैरा और रामेश्वर गोस्वामी निवासी ग्वालीपुरा, पोहरी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान श्रीवल्लभ पारदी के कब्जे से एक अवैध देशी बंदूक भी बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी का सामान रामेश्वर गोस्वामी के खेत के पास नाले में मिट्टी में दबाकर छिपाना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक मंगलसूत्र, चार अंगूठियां, दो कड़े, एक जंजीर, दो जोड़ी झुमकी, तीन करधौनी, चार पायल, सात तोड़िया, बच्चों के चूड़े, बिछिया, चांदी के सिक्के सहित करीब 23 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 85 हजार रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा चोरी की गई पल्सर बाइक और लोहे की तिजोरी भी बरामद कर ली गई। कुल बरामद मशरूका की कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी श्रीवल्लभ पारदी अंतर्राज्यीय गिरोह का सक्रिय सदस्य है और उसके खिलाफ मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में चोरी, लूट, डकैती, हत्या और हत्या के प्रयास जैसे कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। राजस्थान के कोटा रेंज से उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वहीं दूसरे आरोपी रामनिवास मोगिया के खिलाफ भी मध्यप्रदेश और राजस्थान के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और नकबजनी सहित कई मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पोहरी निरीक्षक रवि चौहान, थाना प्रभारी सुभाषपुरा उपनिरीक्षक अरविंद चौहान, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र परिहार, प्रधान आरक्षक हृदेश पाराशर, प्रमोद सेन, आरक्षक मुनेश धाकड़, राजकुमार माहौर, अरविंद कुशवाह, मांगीलाल गुर्जर, रामनाथ रावत, राघवेन्द्र यादव, रामअवतार रावत, हेमराज राठौर, अमित श्रीवास, रामभरत मीणा, उमाशंकर मीणा, चन्द्रभान रावत, संदीप राठौर, थाना सुभाषपुरा के आरक्षक अवधेश शर्मा, गोरे जादौन तथा साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह जाट, प्रधान आरक्षक विकास चौहान और आरक्षक आलोक व्यास की सराहनीय भूमिका रही।
