2 महीने से नहीं मिला वेतन, तो कलेक्ट्रेट में भीख मांगने की इजाजत दे दो: शिवपुरी नगर पालिका के 250 पंप ऑपरेटरों का प्रदर्शन

शिवपुरी। दो महीने से वेतन नहीं मिलने से नाराज शिवपुरी नगर पालिका परिषद के पंप ऑपरेटर सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधीश के नाम ज्ञापन सौंपकर बकाया वेतन के भुगतान की मांग की। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि वेतन मांगने पर अधिकारियों द्वारा नौकरी से निकालने और सेवा समाप्त करने की धमकी दी जाती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नगर पालिका समय पर वेतन देने में सक्षम नहीं है, तो उन्हें कलेक्ट्रेट परिसर में भीख मांगने की अनुमति दी जाए, ताकि वे अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें।
कर्मचारियों ने बताया कि वे नगर पालिका के 39 वार्डों में नियमित पेयजल आपूर्ति की जिम्मेदारी निभाते हैं। इसके अलावा उनसे बिल वसूली, बोरवेल की मरम्मत, रखरखाव और मलेरिया विभाग सहित कई अन्य कार्य भी कराए जाते हैं। इसके बावजूद उन्हें समय पर वेतन नहीं मिलता, जिससे परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों का आरोप है कि जब भी वे अपने उपयंत्री एवं प्रभारी अधिकारी से वेतन की मांग करते हैं, तो उन्हें सेवा समाप्त करने की धमकी दी जाती है।
पंप अटेंडर बुंदेला ने बताया कि नगर पालिका के करीब 250 पंप ऑपरेटरों को पिछले दो महीने से वेतन नहीं मिला है। सभी कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन वेतन भुगतान में लगातार देरी हो रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की आजीविका को देखते हुए बकाया वेतन का जल्द भुगतान कराया जाए।
मामले में एडीएम दिनेश चंद्र शुक्ला ने पंप ऑपरेटरों को उनकी समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। कर्मचारियों ने अपने ज्ञापन की प्रतियां सामान्य प्रशासन विभाग भोपाल, मानवाधिकार आयोग, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष और सूचना एवं प्रकाशन विभाग को भी भेजी हैं।
