पहले बिजली-पानी दिलाओ, तभी वोट मिलेगा: विधायक प्रीतम लोधी बोले- फिर कौन को दोगे वोट? ग्रामीणों ने कहा- तुम्हीं को देंगे, व्यवस्था करा दो

शिवपुरी। पिछोर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी को अपने क्षेत्र के दौरे के दौरान ग्रामीणों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। महिलाओं ने उनकी गाड़ी रोककर बिजली और पानी की गंभीर समस्या उठाई। ग्रामीणों ने साफ कहा कि गांव में महीनों से बिजली नहीं है और पानी के लिए भी लोग परेशान हैं। महिलाओं ने चेतावनी देते हुए कहा, “पहले बिजली-पानी की व्यवस्था कराओ, तभी वोट मिलेगा।”
इस पर विधायक प्रीतम लोधी ने मुस्कुराते हुए पूछा, “फिर कौन को दोगे वोट, मुझे नहीं दोगे तो?” महिलाओं ने तुरंत जवाब दिया, “तुम्हीं को देंगे, लेकिन हमारी लाइट-पानी की व्यवस्था करा दो।” बातचीत के दौरान एक महिला ने अपनी गोद में बच्ची दिखाते हुए कहा, “लाडली प्यासी मरी जात है, लाइट भी नहीं आत, मच्छर खात हैं, सो भी नहीं पात।” इस पर विधायक ने अपनी कार से पानी की बोतल निकालकर महिलाओं की ओर बढ़ाई और कहा, “ये लो पानी।” महिलाओं ने पलटकर कहा, “एक बोतल पानी से क्या होगा?”
ग्रामीणों ने बताया कि गांव का ट्रांसफॉर्मर पिछले करीब दो महीने से खराब पड़ा है, जिससे पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप है। विधायक ने मौके पर समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया और आगे बढ़ गए। शनिवार को हुई इस घटना का वीडियो सोमवार को सामने आने के बाद यह चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, जिस गांव में यह घटना हुई, उसकी पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है।
मामले पर विधायक प्रीतम लोधी ने कहा कि वे हर दिन अपनी विधानसभा में लोगों के बीच जाते हैं और उनकी समस्याएं सुनते हैं। उन्होंने कहा, “मोदी और लोधी कभी छुट्टी नहीं लेते, रोज जनता के बीच रहकर काम करते हैं। लोगों की समस्याओं का समाधान कराना ही मेरी प्राथमिकता है।”
